एमडीयूः केमिस्ट्री विभाग का शोध में जलवा, तीनों बेस्ट पीएचडी मेडल झटके
पवन को गोल्ड, पूजा को सिल्वर और हिना को ब्रॉन्ज।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के केमिस्ट्री विभाग ने शोध के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए यूनिवर्सिटी रिसर्च प्रमोशन स्कीम के तहत तीनों बेस्ट पीएचडी थीसिस मेडल अपने नाम किए हैं। विभाग के तीन शोधार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के लिए चुना गया है, जबकि एक अन्य शोधार्थी को उत्कृष्ट शोध के लिए सम्मान मिलेगा।
विभागाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र सिंह के निर्देशन में शोधार्थी पवन कुमार को बेस्ट पीएचडी थीसिस के लिए यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल के लिए अनुशंसित किया गया है। उन्हें प्रशस्ति-पत्र के साथ एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि मिलेगी।
प्रो. प्रीति बूरा दून के निर्देशन में शोधार्थी पूजा को सिल्वर मेडल के लिए चुना गया है। उन्हें 51 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र मिलेगा। वहीं, प्रो. आरके मलिक के निर्देशन में शोधार्थी हिना को ब्रॉन्ज मेडल के लिए चयनित किया गया है। उन्हें 31 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा प्रो. कोमल जाखड़ के निर्देशन में शोध कर रहीं रेनू को सीआईएफ >10.00 श्रेणी में बेहतर शैक्षणिक एवं शोध प्रदर्शन के लिए सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन, प्रशस्ति-पत्र और 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के लिए अनुशंसित किया गया है।
विभागाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र सिंह ने इसे विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह शोधार्थियों की मेहनत, पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए विभाग में तैयार किए गए वातावरण की पहचान है।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने सभी शोधार्थियों और उनके पर्यवेक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों को नवाचार और प्रभावी शोध के लिए प्रेरित करेगी।

Girish Saini 

