एमडीयू के पूर्व विद्यार्थियों ने अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया में मानसिक स्वास्थ्य पहल साझा की

एमडीयू के पूर्व विद्यार्थियों ने अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया में मानसिक स्वास्थ्य पहल साझा की

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में एमडीयू के मनोविज्ञान विभाग और हैप्पीट्यूड लैब ने शनिवार को ऑनलाइन संवाद सत्र एलुमनाई कनेक्ट आयोजित किया। इसमें अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में कार्यरत विभाग की पूर्व छात्राओं ने विद्यार्थियों के साथ मानसिक स्वास्थ्य, समावेशी शिक्षा और दिव्यांगजन सहायता योजनाओं पर अनुभव साझा किए।

अमेरिका के ओहियो स्थित बार्बरिया एलीमेंट्री स्कूल में पैरा प्रोफेशनल सुजाता ने बताया कि वहां स्कूली स्तर पर विद्यार्थियों को मनोवैज्ञानिक परामर्श की सुविधा मिलती है। उन्होंने समावेशी शिक्षा में मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

ऑस्ट्रेलिया में सोशल वर्कर एवं सपोर्ट कोऑर्डिनेटर अन्नू धनखड़ ने राष्ट्रीय दिव्यांग बीमा योजना (एनडीआईएस) की जानकारी देते हुए जरूरतमंदों को इससे जोड़ने और दिव्यांगजनों की विशेष जरूरतों के अनुरूप परामर्श देने की प्रक्रिया समझाई।

हैप्पीट्यूड लैब की प्रभारी प्रो. दीप्ति हुड्डा ने सत्र का समन्वय किया। विभागाध्यक्षा प्रो. अंजलि मलिक ने कहा कि विभाग मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।