एमडीयूः डिस्टेंस-ऑनलाइन कोर्स में दाखिले प्रारंभ, ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर तक

कुलपति प्रो मिलाप पूनियाँ ने किया एडमिशन प्रॉस्पेक्टस का विमोचन।

एमडीयूः डिस्टेंस-ऑनलाइन कोर्स में दाखिले प्रारंभ, ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर तक

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने शुक्रवार को सीडीओई के विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश विवरणिका (एडमिशन प्रॉस्पेक्टस) का विमोचन किया। दाखिले के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया गया है और इच्छुक अभ्यर्थी 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विवि का प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक आधारित अध्ययन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सीडीओई के माध्यम से ऐसे विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा हासिल कर सकते हैं, जो नियमित रूप से विवि में उपस्थित नहीं हो पाते।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की बदलती शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप विवि अपने पाठ्यक्रमों और शिक्षण व्यवस्था को लगातार बेहतर बना रहा है। ऑनलाइन एवं डिस्टेंस एजुकेशन के माध्यम से शिक्षा को अधिक व्यापक वर्ग तक पहुंचाना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सीडीओई निदेशक प्रो. राजेश धनखड़ ने प्रवेश प्रक्रिया और केंद्र की ओर से संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सीडीओई का एडमिशन प्रॉस्पेक्टस विवि वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, जिसमें संचालित पाठ्यक्रमों समेत अन्य विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।

इस दौरान डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, प्रॉक्टर प्रो. रणदीप राणा, डीन सीडीसी प्रो राजेश पुनिया, डीन आर एंड डी प्रो. हरीश दुरेजा, निदेशक यूसीसी प्रो. युद्धवीर सिंह, निदेशक आईक्यूएसी प्रो. बी. नरसिम्हन, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुख़र्जी, डॉ. अनिल ओहलान, प्रो. बबीता खोसला, डॉ. हरकेश सहरावत, सहायक कुलसचिव रमेश कुमार, कुलपति के निजी सचिव खैराती लाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सीडीओई द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों में ओपन एवं डिस्टेंस लर्निंग मोड में बीए, बीकॉम, एमए – (हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, अर्थशास्त्र, इतिहास, पत्रकारिता एवं जनसंचार), एम.कॉम. तथा एमएससी (गणित) पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।

ऑनलाइन मोड में बीए, एमए – (हिंदी, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, अर्थशास्त्र, इतिहास), एम.कॉम. तथा एमएससी (गणित) पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इसके अलावा सर्टिफिकेट कोर्स में ओपन एवं डिस्टेंस लर्निंग मोड में सर्टिफिकेट कोर्स इन फूड ट्रक ऑपरेशंस, सर्टिफिकेट कोर्स इन जर्मन लैंग्वेज, सर्टिफिकेट कोर्स इन फ्रेंच लैंग्वेज, सर्टिफिकेट कोर्स इन स्पेनिश लैंग्वेज तथा सर्टिफिकेट कोर्स इन कम्युनिकेशन स्किल्स इन इंग्लिश तथा ऑनलाइन मोड में सर्टिफिकेट कोर्स इन फूड ट्रक ऑपरेशंस, सर्टिफिकेट कोर्स इन प्रोफेशनल स्किल्स, सर्टिफिकेट कोर्स इन जर्मन लैंग्वेज, सर्टिफिकेट कोर्स इन फ्रेंच लैंग्वेज, सर्टिफिकेट कोर्स इन स्पेनिश लैंग्वेज तथा सर्टिफिकेट कोर्स इन कम्युनिकेशन स्किल्स इन इंग्लिश पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।