एमडीयूः मनोविज्ञान विभाग में प्रवेश प्रक्रिया जारी, विद्यार्थियों के लिए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम उपलब्ध
रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमडीयू के मनोविज्ञान विभाग में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विभाग में एमए साइकोलॉजी, एमए गाइडेंस एंड काउंसलिंग तथा पीजी डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग में दाखिले के लिए अभ्यर्थी 10 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभागाध्यक्षा प्रो. अंजलि मलिक ने बताया कि विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध आधारित सीखने और व्यावसायिक कौशल विकास के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने बताया कि मनोविज्ञान विभाग एनईपी के अनुरूप आधुनिक पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है, जिसमें विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण और कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें रोजगार और सामाजिक योगदान के लिए भी तैयार करना है।
मनोविज्ञान विभाग में एमए साइकोलॉजी की 40 सीटें उपलब्ध हैं, जिसके लिए मनोविज्ञान विषय के साथ स्नातक डिग्री में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। वहीं एमए गाइडेंस एंड काउंसलिंग में 30 सीटें हैं, जिसमें प्रवेश के लिए मनोविज्ञान विषय के साथ स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पीजी डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग की 30 सीटों पर भी प्रवेश दिए जाएंगे। डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश मेरिट आधारित काउंसलिंग के माध्यम से होगा।
विभागाध्यक्षा प्रो. अंजलि मलिक ने बताया कि मनोविज्ञान के क्षेत्र में शोध, शिक्षण, क्लिनिकल प्रैक्टिस, स्कूल एवं कॉलेज काउंसलिंग, पुनर्वास सेवाएं, खेल मनोविज्ञान और फॉरेंसिक साइकोलॉजी जैसे क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून है। दाखिले के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट 13 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी विवि की वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

Girish Saini 

