विवि परिसर में अनुशासनहीनता, हिंसा और अपराध पर एमडीयू प्रशासन का सख्त रुख

हिंसक घटना की प्रॉक्टोरियल बोर्ड करेगा जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई।

विवि परिसर में अनुशासनहीनता, हिंसा और अपराध पर एमडीयू प्रशासन का सख्त रुख

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू प्रशासन ने कैंपस में हुई हिंसक घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए स्पष्ट किया है कि विवि परिसर में अनुशासनहीनता, हिंसा और अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। घटना की जांच प्रॉक्टोरियल बोर्ड करेगा और दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ विश्वविद्यालय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एमडीयू प्रशासन के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी तत्काल सूचित किया गया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विवि प्रवक्ता द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार कैंपस की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पहले ही उच्चस्तरीय सिक्योरिटी एडवाइजरी कमेटी गठित की जा चुकी है और इसकी बैठकें भी हो चुकी हैं। कमेटी की सिफारिशों और प्रस्तावित एक्शन प्लान के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

एमडीयू प्रशासन ने कहा कि दुर्व्यवहार, अनुशासनहीनता या कानून विरोधी गतिविधियों में संलिप्त छात्रों के खिलाफ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। शैक्षणिक माहौल और कैंपस में अनुशासन बनाए रखना विवि की सर्वोच्च प्राथमिकता है।