एमडीयूः डीपीसी की बैठक में कर्मचारियों के 97 लंबित मामलों का हुआ निपटारा

कर्मचारी संघ ने जताया कुलपति का आभार।

एमडीयूः डीपीसी की बैठक में कर्मचारियों के 97 लंबित मामलों का हुआ निपटारा

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी (डीपीसी) की बैठक में कर्मचारियों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के बाद गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान सुरेश कौशिक ने कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ से शिष्टाचार भेंट कर कर्मचारियों के लंबित मामलों के समाधान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

प्रधान सुरेश कौशिक ने कहा कि कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ के नेतृत्व में विवि प्रशासन ने कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लंबे समय से लंबित 97 मामलों का निपटारा किया है। बैठक में 50 एट पार, 40 एसीपी तथा 7 पदोन्नति के मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई।

डीपीसी की बैठक में जगदीश दहिया को एक्सईएन से सुप्रिटेंडेंट इंजीनियर के पद पर पदोन्नत किया गया है। राजेश गुलिया को एसडीओ के पद से एक्सईएन के पद पर, जितेंद्र परमार (विधि विभाग) को डिप्टी सुपरिटेंडेंट से सुपरिटेंडेंट के पद पर, राजबीर सिंह (फार्मेसी विभाग) को सहायक से डिप्टी सुपरिटेंडेंट के पद पर, रामपाल (रिजल्ट ब्रांच-4) व राम कुमार (म्यूजिक विभाग) को क्लर्क से सहायक के पद पर पदोन्नति दी गई है।

इस दौरान कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि विवि प्रशासन कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान और पारदर्शी प्रशासन विवि की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विवि की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रगति में अपना योगदान देते रहेंगे।

गैर शिक्षक संघ के प्रधान सुरेश कौशिक ने कहा कि कर्मचारी हित में लिए गए इन निर्णयों से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है। संघ द्वारा कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल तथा डीपीसी के सभी सदस्यों का भी आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान संघ के उपप्रधान प्रेम सिंह, महासचिव डॉ विजय पाल, सह सचिव राजकुमार रंगा और कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, पूर्व प्रधान फूलकुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।