एमडीयूः 817 अभ्यर्थियों ने दी केमिस्ट्री, पत्रकारिता, गणित, भौतिकी और जीव विज्ञान संकाय की पीजी प्रवेश परीक्षा
एमए इतिहास व पॉलिटिकल साइंस, एलएलबी (ऑनर्स) और एलएलएम की प्रवेश परीक्षा आज।
रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में एमडीयू के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए मंगलवार को पीजी पाठ्यक्रमों- एमएससी (केमिस्ट्री), एमए (जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन), एमएससी (मैथमेटिक्स), एमएससी (फिजिक्स) तथा लाइफ साइंस समूह की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की गईं।
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान ने प्रवेश परीक्षा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने बताया कि मंगलवार को हुई एमएससी (केमिस्ट्री) की प्रवेश परीक्षा में 120 अभ्यर्थी, एमए (जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) की प्रवेश परीक्षा में 96 अभ्यर्थी, एमएससी (मैथमेटिक्स) की प्रवेश परीक्षा में 95 अभ्यर्थी, एमएससी (फिजिक्स) की प्रवेश परीक्षा में 102 अभ्यर्थी और लाइफ साइंस समूह की प्रवेश परीक्षा में 404 अभ्यर्थी शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को एमए (पॉलिटिकल साइंस), एलएलबी (ऑनर्स) तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट, एमए (हिस्ट्री) और एलएलएम की प्रवेश परीक्षा होगी। वहीं, 16 जुलाई को बीपीएड, एमपीएड, एमए (भूगोल), (संस्कृत), (योग विज्ञान), (डिफेंस एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज), (इकोनॉमिक्स), (हिंदू स्टडीज), (एजुकेशन), (फाइन आर्ट्स), एमलिब, संगीत विभाग के विभिन्न पाठ्यक्रम, एमएड तथा एमएससी (स्टैटिसटिक्स) की परीक्षाएं होंगी। 17 जुलाई को एमए (हिंदी), एमसीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमएससी (डेटा साइंस एंड मशीन लर्निंग) तथा फार्मास्युटिकल साइंसेज समूह के एम. फार्मा पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा होगी।
Girish Saini 


