मेयर राम अवतार ने आमजन से किया महर्षि वाल्मीकि के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

सीएम नायब सिंह सैनी महर्षि वाल्मीकि के सिद्धांतों पर चलकर कर रहे जनसेवा।

मेयर राम अवतार ने आमजन से किया महर्षि वाल्मीकि के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

रोहतक, गिरीश सैनी। मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने आमजन से महर्षि वाल्मीकि के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया है। मेयर मंगलवार को स्थानीय जिला विकास भवन में संत महापुरुष सम्मान एवं विचार-प्रसार योजना के तहत महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे।

 

उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन धर्म, सत्य, करुणा, शिक्षा, धैर्य और मानव जाति के उत्थान का संदेश देता है। उन्होंने अपने जीवन से यह दिखाया कि गलत कर्मों को छोडक़र और संघर्ष व परिश्रम से व्यक्ति महान बन सकता है। रामायण के माध्यम से उन्होंने समाज में एकता, समानता और सदाचार का संदेश दिया। मेयर ने कहा कि महापुरुषों को किसी जाति अथवा क्षेत्र के बंधन में नहीं बांधा जा सकता, उनके द्वारा दी गई शिक्षा व संदेश का समूचे समाज को लाभ मिलता है।

 

उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की पहली ऐसी सरकार है, जिसने सभी महापुरुषों की जयंतियां सरकारी खर्च पर मनाने का निर्णय लेकर उसे प्रदेश भर में लागू किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में व्यवस्था परिवर्तन में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी महर्षि वाल्मीकि के दिखाए हुए रास्ते पर चलते हुए दिन-रात मेहनत करके जनता की सेवा में जुटे हुए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का संदेश हमें मेहनत करके आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

 

एसडीएम आशीष कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण जैसे महाकाव्य की रचना की। उन्होंने कहा कि हम सबको उनके आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाकर आगे चलना होगा। इस दौरान नगराधीश अंकित कुमार, पार्षद सुरेश किराड़, जिला उपाध्यक्ष सुखबीर चंदोलिया, महामंत्री नितिन जैन, पार्षद अशोक वर्मा सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।


महम उपमंडल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा, सांपला में आयोजित उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में एसडीएम उत्सव आनंद, कलानौर में भाजपा की प्रदेश सचिव रेनू डाबला ने शिरकत की और महर्षि वाल्मीकि के जीवन पर विस्तार से चर्चा की।