जनसंचार के विद्यार्थियों ने चलाया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर एक विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, विधि विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव तमक ने शिरकत की।

जनसंचार के विद्यार्थियों ने चलाया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर एक विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, विधि विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव तमक ने शिरकत की।

मुख्य अतिथि प्रो. राजीव तमक ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह कानूनी दायित्व भी है। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन दंडनीय अपराध है। यदि नागरिक कानून का पालन करें, तो बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और अनुशासन ही सुरक्षित समाज की नींव है।

सहायक प्रोफेसर डॉ. विशाल तांक ने मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रो. उमेश आर्य ने युवाओं और विशेष रूप से जेन-जी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के युवा वर्ग और जेन-जी के लिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। प्रो. विक्रम कौशिक ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं।

इस दौरान सड़क सुरक्षा पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें 12 विभिन्न थीम्स पर लगभग 40 पोस्टर डिजाइन किए गए। इन थीम्स में रो रेज, हेलमेट पहनना, ड्रिंक एंड ड्राइव, आक्रामक ड्राइविंग, अवैध मॉडिफिकेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। सड़क सुरक्षा पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित कर जागरूक किया गया। उपस्थितजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान डॉ. पल्लवी, डॉ. सुनैना, डॉ. संध्या, डॉ. प्रज्ञा, डॉ. भूपेंद्र, डॉ. कुसुम लता सहित अन्य मौजूद रहे।