सुशासन व पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से मनोहर लाल लाए हरियाणा में बदलावः मंत्री डॉ अरविंद शर्मा
केंद्रीय मंत्री के जन्मदिन पर कैबिनेट मंत्री ने किया स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन के अवसर पर स्थानीय सुभाष रोड पर आयोजित एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मनोहर लाल के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उनके प्रशासनिक योगदान को सराहा।
बतौर मुख्य अतिथि, कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और पारदर्शी व्यवस्था को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची रोजगार उपलब्ध कराने की नीति ने सरकारी व्यवस्था में विश्वास को बढ़ाया है। साथ ही विकास कार्यों में क्षेत्रवाद, जातिवाद और भाई-भतीजावाद जैसी प्रवृत्तियों को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।
कैबिनेट मंत्री ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और विकास योजनाओं पर जनता ने भरोसा जताया है, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को जनता ने नकार दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सुरक्षा के लिए परिवर्तन का मार्ग चुना है और कुशासन से मुक्ति पाई है। इस दौरान पूर्व मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini 

