धान खरीद को लेकर मंडियां तैयार, जलभराव पर भी प्रशासन का फोकसः डीसी सतबीर सिंह

धान खरीद को लेकर मंडियां तैयार, जलभराव पर भी प्रशासन का फोकसः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं, मुख्यमंत्री व बजट घोषणाओं को तेजी से लागू करने के साथ विभागीय अड़चनों को दूर किया जा रहा है।

लघु सचिवालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत में उपायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और निरीक्षण कराया जाएगा। इंजीनियरिंग विभागों के कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रहेगी।

उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर से धान खरीद शुरू होगी और इसके लिए मंडियां तैयार हैं। रोहतक, सांपला, महम और कलानौर की मंडियों में पानी, सफाई, शौचालय व बैठने जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रमिक और परिवहन के ठेके भी किए जा चुके हैं। ई-गेट पास, वाहन पंजीकरण और बायोमेट्रिक पहचान की व्यवस्था रहेगी। मेरी फसल, मेरा ब्यौरा के आधार पर किसानों को स्लॉट दिए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि पराली प्रबंधन और फसल विविधीकरण पर भी विशेष जोर रहेगा। जिले का कोई गांव लाल क्षेत्र में नहीं है। फिर भी अधिकारी और स्वयं उपायुक्त गांवों का दौरा कर किसानों से संवाद करेंगे।

उन्होंने बताया कि बाढ़ नियंत्रण के तहत लिए गए 41 कार्यों में 39 अल्पकालीन कार्य पूरे हो चुके हैं। शहर में जलभराव के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना पर काम चल रहा है। सभी अंडरपासों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था मजबूत की जाएगी और जरूरत वाले स्थानों पर 24 घंटे पंप उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं की समीक्षा भी नियमित रूप से की जा रही है। सरकारी अस्पतालों में उपचार सुविधाओं तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने पर प्रशासन का विशेष ध्यान है।