मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं का आगाज

मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताओं का आगाज

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वाधान में उपायुक्त सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में रोहतक मंडल स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिताएं-2025 का शुभारंभ बाल भवन परिसर में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया, कार्यक्रम नोडल अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

 

जिला बाल कल्याण अधिकारी ने कहा कि बाल दिवस प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच को प्रदर्शित करने का श्रेष्ठ मंच प्रदान करती हैं। नोडल अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि रोहतक मंडल की बाल प्रतिभाएं हमेशा से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं।

 

ये प्रतियोगिताएं 29 नवंबर 2025 तक आयोजित होंगी, जिनमें रोहतक मंडल के विभिन्न जिलों से प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त टीमें भाग ले रही हैं। मंडल स्तर पर विजेता टीमें आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। पहले दिन समूह नृत्य एवं एकल नृत्य की प्रतियोगिताएं हुई। निर्णायक की भूमिका जसवंती रानी, योगेश भारद्वाज, डॉ. सौरभ वर्मा, नितिन, नीरू शर्मा, मनीषा, संदीप, पूनम, अजय मलिक और जोगेंद्र ढुल ने निभाई। मंच संचालन अंजू रानी और हितेश ने किया।