2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा फेरबदल, हरियाणा की कमान स्मृति ईरानी को

श्रीकांत शर्मा हिमाचल के प्रभारी, तरुण चुघ को गुजरात; महेंद्र पांडेय को चंडीगढ़ की जिम्मेदारी

2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा फेरबदल, हरियाणा की कमान स्मृति ईरानी को

रोहतक/नई दिल्ली, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के नए प्रभारी व सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हाल ही में राष्ट्रीय महासचिव बनाई गई स्मृति ईरानी को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ भोला सिंह सह-प्रभारी होंगे। ईरानी को हरियाणा के साथ छत्तीसगढ़ की भी जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा ने सतीश पूनिया को पंजाब और जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया है। पंजाब में वीरेंद्र सचदेवा और अलका गुर्जर सह-प्रभारी होंगे। श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि दर्शना सिंह सह-प्रभारी होंगी। तरुण चुघ को गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, महेंद्र पांडेय को चंडीगढ़, बैजयंत पांडा को महाराष्ट्र और बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली का प्रभार विनय सहस्रबुद्धे को दिया गया है।

आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में भी भाजपा ने नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। 2027 में विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश, भारती पवार को गोवा और राजदीप रॉय को मणिपुर का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के अनुसार ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। संगठनात्मक बदलाव को पार्टी की 2027 के चुनावी चक्र से पहले राज्यों में तैयारियां तेज करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।