एमडीयू में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई प्रोफेसरों को मिली नई जिम्मेदारियां

एमडीयू में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई प्रोफेसरों को मिली नई जिम्मेदारियां

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने भौतिकी विभाग के प्रोफेसर डॉ. ए. एस. मान को डीन, एकेडमिक अफेयर्स का कार्यभार सौंपा है। कुलसचिव डॉ. संदीप बंसल सहित शिक्षक व गैर शिक्षक कर्मियों की उपस्थिति में प्रो. ए.एस. मान ने डीन, एकेडमिक अफेयर्स का कार्यभार संभाला। कुलसचिव डॉ. बंसल ने प्रो. मान को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रो. मान ने विवि की शैक्षणिक प्रगति के लिए कार्य करने का आह्वान उपस्थित शिक्षकों से किया।

कुलपति ने फार्मास्युटिकल साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. गोविंद सिंह को आर्यभट्ट सेंट्रल इंस्ट्रूमेंटेशन लैबोरेट्री के निदेशक का कार्यभार सौंपा है। वहीं, पर्यावरण विज्ञान की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बबीता खोसला को सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सी.डी.ओ.ई.) की उप-निदेशिका पद का कार्यभार सौंपा गया है।

इसके अलावा, विधि विभाग के प्रो. जसवंत सैनी को प्रथम अपीलीय प्राधिकारी का कार्यभार सौंपा गया है। यूआईईटी के सीएसई के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हरकेश सहरावत को सीडीओई में कोऑर्डिनेटर पद का कार्यभार सौंपा गया है। सभी संबंधित शिक्षकों ने अपना कार्यभार संभाल लिया।