महंत बालकनाथ योगी ने किया बीएमयू रोहतक मोबाइल ऐप का शुभारंभ
बीएमयू विद्यार्थियों को अब मोबाइल पर मिलेगी पढ़ाई से प्रशासन तक हर सुविधा।
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर ने डिजिटल शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं को आसान और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपना आधिकारिक मोबाइल ऐप बीएमयू रोहतक लॉन्च किया है। बीएमयू के कुलाधिपति महंत बालकनाथ योगी ने इस ऐप का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों को विश्वविद्यालय की सेवाओं से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। ऐप के माध्यम से अभिभावक भी अपने बच्चों की शैक्षणिक परफॉर्मेंस पर नजर रख सकेंगे।
कुलाधिपति ने बताया कि ऐप में विद्यार्थियों के लिए एक ही प्लेटफॉर्म पर कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षित लॉगिन के जरिए विद्यार्थी अपनी प्रोफाइल, पाठ्यक्रम, सेमेस्टर, सेक्शन और विषय संबंधी जानकारी देख सकेंगे। इसके अलावा टाइम टेबल, कक्षा शेड्यूल, परीक्षा परिणाम और फीस संबंधी जानकारी भी मोबाइल पर उपलब्ध होगी। विद्यार्थी ऐप के जरिए विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) तक भी पहुंच सकेंगे। विवि के महत्वपूर्ण नोटिस, सूचनाएं और घोषणाएं भी सीधे ऐप पर मिलेंगी।
लोकेशन और लाइव सेल्फी से लगेगी हाजिरी
ऐप की खासियत इसका सुरक्षित डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम है। कक्षा शुरू होने से पहले शिक्षक की लोकेशन का सत्यापन और लाइव सेल्फी ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। सत्यापन के बाद ही शिक्षक अटेंडेंस शुरू कर सकेंगे। विद्यार्थी भी केवल अपने निर्धारित कोर्स, सेमेस्टर, सेक्शन और विषय की कक्षा में ही हाजिरी लगा पाएंगे।
शिक्षक द्वारा जारी विशेष अटेंडेंस कोड ऐप में दर्ज करने के बाद विद्यार्थी की लोकेशन और लाइव सेल्फी का सत्यापन होगा। गैलरी में सेव पुरानी तस्वीर से हाजिरी नहीं लग सकेगी। इसके साथ ही ऐप में डिवाइस वेरिफिकेशन की सुविधा भी दी गई है, जिससे अनधिकृत लॉगिन और संभावित गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
कुलाधिपति महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि ऐप के पहले संस्करण में सुरक्षा, तकनीकी स्थिरता और बेहतर यूजर एक्सपीरियंस पर विशेष ध्यान दिया गया है। भविष्य में जरूरत के अनुसार ऐप को अपडेट कर नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। इस दौरान कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार, डीन अकादमिक डॉ. नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के डीन और अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

