कुलपति प्रो पूनियाँ की पहल पर वर्षों से लंबित सीएएस मामलों का हुआ निपटारा
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू ने कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ की पहल पर संबद्ध सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों के 92 लंबे समय से लंबित करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) प्रमोशन मामलों का निपटारा कर दिया है। वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को अब विभिन्न अकादमिक स्तरों पर प्रमोशन मिली है।
विवि द्वारा प्रदान की गई जानकारी के अनुसार, 92 मामलों में 14 शिक्षक अकादमिक लेवल-11, 39 लेवल-12, 36 लेवल-13ए और तीन शिक्षक लेवल-14 पर पदोन्नत हुए हैं। इनमें कई मामले वर्ष 2021, 2022 और 2023 से लंबित थे। सबसे पुराने तीन लेवल-14 के मामले 1 जनवरी 2016 से लंबित थे।
ड्यू डेट के आधार पर वर्ष 2021 के दो, 2022 के छह, 2023 के 17, 2024 के 18, 2025 के 40 और 2026 के छह मामले शामिल हैं। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, प्रोफेसर और लाइब्रेरियन के मामले हैं।
25 जून, 16 जुलाई, 25 सितंबर, 26 सितंबर और 1 अक्टूबर को स्क्रीनिंग-कम-इवैल्यूएशन तथा सेलेक्शन कमेटियों की बैठकें हुईं। दस्तावेजों की जांच, स्क्रीनिंग, मूल्यांकन और इंटरव्यू की निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रमोशन प्रक्रिया पूरी की गई।
इन मामलों में गणित, अंग्रेजी, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, भूगोल, संस्कृत, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी, कंप्यूटर साइंस, जूलॉजी, शिक्षा और लोक प्रशासन समेत विभिन्न विषयों के शिक्षक शामिल हैं। रोहतक, सोनीपत, पलवल, झज्जर, बल्लभगढ़, बहादुरगढ़ और कलानौर के कॉलेजों के शिक्षक भी लाभान्वित हुए हैं।
डीन सीडीसी प्रो. राजेश पूनिया ने लंबित मामलों की मॉनिटरिंग और फॉलोअप में अहम भूमिका निभाई। विवि प्रशासन ने कहा कि प्रमोशन से पात्र शिक्षकों को सीएएस के तहत करियर में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

Girish Saini

