हरियाणा महिला विकास निगम के माध्यम से 25 महिलाओं को वितरित किए लगभग 12 लाख रुपये की राशि के ऋण के चेक
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी ने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में महिलाओं के कल्याण, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों के तहत हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोडक़र आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने हरियाणा महिला विकास निगम के माध्यम से 25 महिलाओं को ऋण के चेक वितरित किये। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को नया व्यवसाय अथवा गृह उद्योग स्थापित करने के लिए सरल शर्तों पर ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
इस दौरान 25 महिलाओं को हरियाणा महिला विकास निगम के माध्यम से उपलब्ध करवाए गए ऋण की 11 लाख 95 हजार 901 रुपये की राशि के चेक बतौर अंशदान वितरित किये। जिला कार्यक्रम अधिकारी कमलेश ने निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक योगेश पाराशर ने कहा कि गत वर्ष महिला विकास निगम के सहयोग से स्वयं सहायता समूह की 23 महिलाओं को एक-एक लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे उनके स्वरोजगार को बढ़ावा मिला तथा सरकार की लखपति दीदी योजना को गति मिली।
Girish Saini 

