कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व में यूएचएसआर में देखा प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व में नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान शिक्षक, चिकित्सक, कर्मचारी व विद्यार्थी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस राष्ट्रव्यापी 100 सप्ताह के अभियान का शुभारंभ किया और युवाओं से नशे के विरुद्ध जन भागीदारी का आह्वान किया। कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व देश के युवाओं को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन का आंदोलन है। यदि प्रत्येक युवा नशे से दूर रहने का संकल्प ले और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी जागरूक करे तो आने वाले वर्षों में भारत नशा मुक्त और अधिक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।
इस दौरान कुलपति ने उपस्थित जन को नशा मुक्त शपथ दिलवाई और सभी ने हर प्रकार के नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की संकल्प लिया। इस दौरान डीन डॉ अशोक चौहान, डीन डॉ सविता सिंघल, चीफ वार्डन डॉ आर.एस. चौहान, डॉ अपर्णा परमार, डॉ हरनीत सिंह, प्राचार्या प्रो. सुनीता, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ मंजूनाथ सहित अन्य मौजूद रहे।
Girish Saini 

