साहित्य हाशिए के समाज को देता है अभिव्यक्ति का स्वरः सुनित मुखर्जी

एमडीयू पुस्तक मेले में सात पुस्तकों का हुआ लोकार्पण, पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जुटे पुस्तक प्रेमी

साहित्य हाशिए के समाज को देता है अभिव्यक्ति का स्वरः सुनित मुखर्जी

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में आयोजित तीन दिवसीय नौवें पुस्तक मेले के अंतिम दिन पुस्तक प्रेमियों की खूब भीड़ उमड़ी। विवि समुदाय के साथ-साथ रोहतक और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुस्तक मेले में पुस्तकों के प्रति अपनी रुचि दिखाई।

मेले में शिक्षाविद् ब्रती बिस्वास, प्रोबकार पलाका और चारू आर्य द्वारा संपादित पुस्तक 'दलित राइटिंग्स : ए कलेक्शन ऑफ क्रिटिकल एसेज' का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर पुस्तक के संपादकों ने इसकी विषयवस्तु और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने कहा कि पुस्तकें विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन विकसित करती हैं। साहित्य मनुष्य को संवेदनशील बनाता है और हाशिए पर खड़े समाज को अपनी पीड़ा, आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को अभिव्यक्त करने का मंच देता है।

उन्होंने कहा कि साहित्य बेहतर और संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दौरान उन्होंने कवि ओमप्रकाश वाल्मीकि की चर्चित कविता 'ठाकुर का कुआं' का सस्वर पाठ भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित पुस्तकें पढ़ने और लेखन के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति को स्वर देने का आह्वान किया।

एमडीयू लाइब्रेरियन डॉ. सतीश मलिक ने बताया कि तीन दिवसीय मेले में सात पुस्तकों का लोकार्पण हुआ। स्थानीय लेखकों के साथ पुस्तक विमर्श, काव्य गोष्ठी और लेखक संवाद भी आयोजित किए गए। मंच संचालन डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. सीमा ने किया।