विश्व स्वास्थ्य दिवस पर बीएमयू में ऑन्कोलॉजी जागरूकता एवं पुनर्वास पर व्याख्यान आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के फिजियोथेरेपी विभाग के फिजियो केयर क्लब द्वारा ऑन्कोलॉजी जागरूकता एवं पुनर्वास के बीच सेतु विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उपचार के पश्चात रोगियों के समुचित पुनर्वास के महत्व को समझाना था।
बतौर मुख्य वक्ता, कैंसर विशेषज्ञ एवं हीमेटो-ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सुहास कीर्ति सिंगला ने शिरकत की। इस दौरान गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. चारु गुप्ता भी विशेष तौर पर मौजूद रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता फिजियोथेरेपी विभागाध्यक्षा डॉ. चारू शर्मा ने की। कार्यक्रम संचालन एवं संयोजन डॉ. सुमन रानी ने किया।
डॉ. सुहास कीर्ति सिंगला ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समय पर जांच (शीघ्र पहचान) और उचित उपचार से कैंसर को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंसर का प्रभाव केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है, इसलिए उपचार के साथ-साथ रोगी के पुनर्वास पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने फिजियोथेरेपी की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि कैंसर के उपचार के बाद मरीजों की शारीरिक क्षमता, गतिशीलता और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में फिजियोथेरेपी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नर्सिंग एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के समन्वित प्रयासों को भी रोगी के संपूर्ण उपचार के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का मुख्य वक्ता ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। इस दौरान डॉ. ज्योति, डॉ. प्रीति लठवाल, डॉ. नेहा खरे, डॉ. साक्षी, डॉ. प्रदीप, वैशाली, डॉ पिंकी सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

