अर्थशास्त्र विभाग में मानसिक स्वास्थ्य पर व्याख्यान
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के अर्थशास्त्र विभाग में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शारीरिक बीमारी पर सहानुभूति, तो मानसिक बीमारी पर क्यों है आपत्ति? विषय पर विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया। पीजीआईएमएस, रोहतक की मनोरोग विभागाध्यक्षा एवं आईएमएच निदेशिका प्रो. सुजाता सेठी ने बतौर मुख्य वक्ता, मानसिक बीमारी से जुड़े सामाजिक कलंक, शुरुआती लक्षणों और समय पर उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सहानुभूति, सम्मान और सहयोग की जरूरत है। सामाजिक पूर्वाग्रह और भेदभाव उनकी परेशानी बढ़ा सकते हैं तथा उन्हें मदद लेने से रोक सकते हैं। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी बदलावों को गंभीरता से लेने, विशेषज्ञों से परामर्श करने और प्रभावित व्यक्तियों की बात संवेदनशीलता से सुनने पर जोर दिया। इस दौरान अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. जगदीप कुमार सहित डॉ. राजेश कुमार, डॉ. कोमल, डॉ. किरण बाला और डॉ. अक्षु मौजूद रहे।

Girish Saini

