बीएमयू में - व्यवस्थित मतदाता, शिक्षा और चुनावी भागीदारी विषय पर व्याख्यान

बीएमयू में - व्यवस्थित मतदाता, शिक्षा और चुनावी भागीदारी विषय पर व्याख्यान

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के कुलपति प्रो. बी.एम. यादव के मार्गदर्शन में मानविकी संकाय एवं एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में -व्यवस्थित मतदाता, शिक्षा और चुनावी भागीदारी’ विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान आयोजित किया गया।

जिला निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस व्याख्यान में अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो. सुधीर मलिक ने कहा कि चुनाव देश की राजनीति और भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

मुख्य वक्ता एवं मानविकी संकाय के अधिष्ठाता प्रो. ब्रह्म प्रकाश ने कहा कि निर्वाचन आयोग मतदाता शिक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मतदाता पहचान पत्र बनवाने और चुनाव में जिम्मेदारीपूर्वक मतदान करने का आह्वान किया।

विवि नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक और सक्रिय मतदाताओं पर टिकी है। भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. सतबीर सिंह ने कहा कि युवा ऊर्जा और परिवर्तन के प्रतीक हैं। युवाओं की जागरूक चुनावी भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और सशक्त बना सकती है।

अंत में डॉ. मंजीत कुमार ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान डॉ. प्रवेश कुमारी, डॉ. सोनिका, डॉ. शीला डबास, डॉ. अतुल कुमार, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. पुष्पा सहित शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।