विधानसभा में बैठकर सीखी संसदीय पत्रकारिता, जीजेयू के जनसंचार विद्यार्थियों ने देखी सदन की कार्यवाही
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा में चल रहे मानसून सत्र-2026 की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कुलपति प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन में विभागाध्यक्ष डॉ. अज्ञा राम पांडेय के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय पत्रकारिता की बारीकियों को करीब से समझा।
विभागाध्यक्ष डॉ. पांडेय ने कहा कि जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं और मीडिया के वास्तविक कार्यक्षेत्र को समझना भी जरूरी है। विधानसभा की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों को राजनीतिक संचार और संसदीय पत्रकारिता की व्यावहारिक समझ देने में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका केवल समाचार प्रसारित करने तक सीमित नहीं है। मीडिया जनता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करता है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में तथ्यपरक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की समझ विकसित करते हैं।
विद्यार्थियों ने सदन में बैठकर प्रश्नकाल, विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा और सरकार-विपक्ष के बीच संवाद को देखा। उन्होंने यह भी समझा कि विधानसभा में उठने वाले मुद्दे किस तरह समाचार और राजनीतिक रिपोर्टिंग का हिस्सा बनते हैं।
डॉ. पांडेय ने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्ष से जोड़ने के लिए इस तरह की गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दे रहा है। इससे विद्यार्थियों में संसदीय पत्रकारिता, राजनीतिक रिपोर्टिंग, समाचार लेखन और मीडिया अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ती है।
विद्यार्थियों ने बताया कि विधानसभा की कार्यवाही को प्रत्यक्ष देखने से कक्षा में पढ़ी संसदीय पत्रकारिता और राजनीतिक संचार की अवधारणाओं को वास्तविक संदर्भ में समझने का अवसर मिला। उन्होंने इसे ज्ञानवर्धक और भविष्य की पत्रकारिता के लिए उपयोगी अनुभव बताया। इस दौरान विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

