विधि छात्रों को दी करियर के नए अवसरों की जानकारी
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के विधि विभाग में महिंद्रा एंड महिंद्रा की सीएसआर पहल के तहत छह दिवसीय करियर काउंसलिंग कार्यशाला शुरू हुई। सीसीपीसी के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में विशेषज्ञ रविंदर पॉल सिंह ने विद्यार्थियों को न्यायपालिका, वकालत, कॉरपोरेट लॉ, विधिक सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने रिज्यूमे निर्माण, इंटरव्यू तैयारी, प्रभावी इंटर्नशिप और प्रोफेशनल प्रोफाइल विकसित करने के टिप्स दिए।
विभागाध्यक्षा प्रो. सोनू देहमीवाल ने कहा कि विधि विद्यार्थियों के लिए अकादमिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं पेशेवर कौशल भी जरूरी हैं। सीसीपीसी निदेशिका प्रो. दिव्या मल्हान ने सक्रिय भागीदारी और निरंतर कौशल विकास पर जोर दिया। कार्यक्रम का समन्वय प्रो. प्रतिमा देवी कर रही हैं। इस दौरान डॉ. अंजू, डॉ. राहुल यादव, डॉ. अश्विनी मोहन सहित शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini

