जीजेयू में विद्यार्थियों के लिए बस और ई-रिक्शा सेवाओं का शुभारंभ

जीजेयू में विद्यार्थियों के लिए बस और ई-रिक्शा सेवाओं का शुभारंभ

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए परिसर में विशेष फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विद्यार्थियों के सुगम आवागमन के लिए बस और ई-रिक्शा सेवाओं का हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया। यह सेवा विशेष रूप से कैंपस के भीतर विद्यार्थियों, विशेषकर दूर-दराज के हॉस्टलों से आने वाली छात्राओं के समय और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विवि प्रशासन विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक माहौल के साथ-साथ कैंपस के भीतर सर्वोत्तम बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस पहल से विद्यार्थियों को एक शिक्षण खंड से दूसरे शिक्षण खंड और छात्रावासों तक जाने में किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस दौरान कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, डीन ऑफ कॉलेज प्रो. विनोद कुमार छोकर, डीन स्टूडेंटस वेलफेयर प्रो. एम. के. शर्मा और चीफ वार्डन गर्ल्स प्रो. सुजाता सांघी सहित विभिन्न संकायों के डीन, निदेशक, शिक्षक व गैर-शिक्षक कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रॉक्टर प्रो. अनिल कुमार ने कहा कि बस और ई-रिक्शा की सेवाओं के लिए एक बहुत ही व्यवस्थित टाइम टेबल तैयार किया है, ताकि विद्यार्थियों की कक्षाएं मिस न हों। उन्होंने नई बस और ई-रिक्शा के विस्तृत समय-सारणी की जानकारी भी साझा की।

कैम्पस बस प्रत्येक कार्य दिवस (सोमवार से शुक्रवार) को सुबह से शाम निर्धारित समय पर चक्कर लगाएगी।
सुबह 8.30 से 9.15 बजे तक: लड़कियों के छात्रावास व लड़कों के छात्रावास से सीधे शिक्षण खंड 1 से 7 तथा विवि मेन गेट तक। दोपहर 12.45 से 2.00 बजे तक लंच समय के दौरान शिक्षण खंडों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और कैंटीन तक। शाम 4.30 से 5.30 बजे तक कक्षाओं के समाप्त होने के बाद शिक्षण खंडों से वापस सभी छात्रावासों और मेन गेट तक।

वहीं, ई-रिक्शा शटल सेवा पूरे दिन विवि परिसर के मुख्य बिंदुओं पर चक्कर लगाते रहेंगे ताकि विद्यार्थियों को ज्यादा इंतजार ना करना पड़े। ई-रिक्शा सुबह 8.00 से शाम 6.00 बजे तक चलेंगे और हर 10 से 15 मिनट में मुख्य स्टॉप्स पर उपलब्ध रहेंगे, जिनमें विवि मेन गेट, प्रवेश बिंदू, प्रशासनिक ब्लॉक, कुलसचिव कार्यालय, शिक्षण खंड, सभी मुख्य विभाग, लड़कियों के छात्रावास, लड़कों के छात्रावास, पुस्तकालय, कंप्यूटर सेंटर, शॉपिंग काम्पलेक्स व विवि स्वास्थ्य केंद्र शामिल है।