महिलाओं के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में उन्नत सिलाई सेवा केंद्र का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा भारती हरियाणा की रोहतक शाखा द्वारा सुमन निर्मल मिंडा फाउंडेशन, नई दिल्ली के सहयोग से संचालित उन्नत सिलाई सेवा केंद्र का शुभारंभ बुधवार को महावीर कॉलोनी स्थित सेवा भारती कार्यालय में हुआ। इस केंद्र का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को आधुनिक सिलाई प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार एवं रोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
बतौर मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले ने केंद्र का लोकार्पण करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र अनेक परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनेगा।
इस दौरान सुमन निर्मल मिंडा फाउंडेशन की ओर से डॉ. अनादी एन. सिन्हा एवं गौरव कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गायत्री मंत्र के साथ हुआ। इस उन्नत सिलाई सेवा केंद्र में 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए 3 से 6 माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिनमें बेसिक एवं एडवांस सिलाई, पैटर्न मेकिंग, गारमेंट कंस्ट्रक्शन तथा आधुनिक सिलाई तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद महिलाएं स्वरोजगार, बुटीक संचालन, गारमेंट उद्योग तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
Girish Saini 


