संस्कृति,परंपराओं और संस्कारों की संवाहक भी है भाषाः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
एचआईआरडी परिसर में किया पौधारोपण।
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति,परंपराओं और संस्कारों की संवाहक भी है। अपनी मातृभाषा का हमारा दायित्व है। यह विचार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने वीबी-जी राम जी के अंतर्गत युक्तधारा द्वारा ग्राम पंचायत की जीआईएस आधारित निगरानी विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर व्यक्त किए।
डॉ. चौहान ने संस्थान परिसर में प्रतिभागियों के साथ पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों की जियो-टैगिंग कर आधुनिक तकनीक के माध्यम से उनकी प्रभावी निगरानी और संरक्षण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इस दौरान सोनीपत एवं हिसार से आए अतिरिक्त खंड कार्यक्रम अधिकारी और जूनियर इंजीनियर मौजूद रहे।
निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि युक्तधारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की पारदर्शिता, गुणवत्ता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। जीआईएस आधारित योजना निर्माण एवं डिजिटल मैपिंग से ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं का वैज्ञानिक क्रियान्वयन संभव होगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा के नवीन स्वरूप वीबी-जी राम जी के अंतर्गत तकनीक का अधिकतम उपयोग ग्रामीण विकास को नई दिशा प्रदान करेगा तथा योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम पंचायतों में किए जाने वाले विकास कार्यों, सार्वजनिक परिसंपत्तियों तथा पौधारोपण गतिविधियों की जियो-टैगिंग की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें जानकारी दी गई कि जियो-टैगिंग के माध्यम से प्रत्येक विकास कार्य एवं लगाए गए पौधों का सटीक भौगोलिक स्थान, फोटो तथा आवश्यक विवरण डिजिटल रूप में सुरक्षित किया जाता है, जिससे कार्यों की वास्तविक समय में निगरानी, गुणवत्ता का मूल्यांकन और पारदर्शी सत्यापन संभव हो पाता है।
बतौर विशिष्ट अतिथि, कुरुक्षेत्र विवि के मीडिया संस्थान से डॉ. प्रदीप राय ने कहा कि सूचनाओं के विस्फोट के इस युग में मीडिया साक्षर होना भी परम आवश्यक है। कार्यक्रम समन्वयक कमलदीप सांगवान ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडीपीआर), हैदराबाद से मोहम्मद जफर ने प्रतिभागियों को युक्तधारा के तकनीकी पहलुओं से अवगत कराते हुए जीआईएस आधारित निगरानी प्रणाली, डिजिटल मैपिंग, परिसंपत्तियों की जियो-टैगिंग तथा ग्राम पंचायतों में तकनीक आधारित योजना निर्माण की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान अतिरिक्त खंड कार्यक्रम अधिकारी - सुंदर, सुषमा, सीमा तथा राजपाल सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।
Girish Saini 


