बीएमयू में इंटर-डिपार्टमेंट चेस चैंपियनशिप में लक्ष्य ने बाजी मारी

बीएमयू में इंटर-डिपार्टमेंट चेस चैंपियनशिप में लक्ष्य ने बाजी मारी

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में आयोजित इंटर-डिपार्टमेंट चेस चैंपियनशिप 2026-27 में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी बौद्धिक क्षमता, रणनीतिक कौशल, एकाग्रता और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में डिपार्टमेंट ऑफ लॉ के लक्ष्य ने प्रथम, डिपार्टमेंट ऑफ इंजीनियरिंग के प्रिंस ने दूसरा और डिपार्टमेंट ऑफ फार्मेसी के गर्वित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

बतौर मुख्य अतिथि, कुलपति प्रो. बी.एम. यादव ने विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि शतरंज विद्यार्थियों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास का प्रभावी माध्यम है। इससे एकाग्रता, धैर्य, तार्किक चिंतन, रणनीति निर्माण और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, सहनशीलता, एकाग्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं तथा व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान खेल निदेशक अशोक कुमार सहित शिक्षक एवं अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।