बीन की गूंज से सजेगा कुरुक्षेत्र, 2 सितंबर को राज्य स्तरीय मुकाबलाः डीसी सतबीर सिंह
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा की पारंपरिक लोक संगीत संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तरीय बीन वादन प्रतियोगिता का आयोजन 2 सितंबर को कुरुक्षेत्र स्थित हरियाणा कला परिषद के मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर में किया जाएगा। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे शुरू होगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बीन वादन से जुड़े कलाकारों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच उपलब्ध करवाने के साथ लोक कला एवं लोक संगीत परंपराओं का संरक्षण और प्रोत्साहन करना है। उन्होंने जिले के बीन वादन कलाकारों एवं दलों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 75 हजार रुपये, द्वितीय 60 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये का होगा। इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी का हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है। पहचान के लिए आधार कार्ड लाना होगा। प्रत्येक दल में 8 से 10 कलाकार, जिनमें कम से कम 3 से 4 बीन वादक हों, आवश्यक हैं। कलाकारों को हरियाणवी लोक परिधान में प्रस्तुति देनी होगी। प्रतियोगियों को टीए/डीए नहीं मिलेगा और निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम होगा।

Girish Saini 


