एमकेजेके में नए शैक्षणिक सत्र में शुरू होगी कुल ज्योति विशेष व्याख्यान श्रृंखला

एमकेजेके में नए शैक्षणिक सत्र में शुरू होगी कुल ज्योति विशेष व्याख्यान श्रृंखला

रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्थानीय महारानी किशोरी जाट कन्या कॉलेज में छात्राओं के करियर मार्गदर्शन, उचित मूल्य तथा कौशल विकास के दृष्टिकोण से -कुल ज्योति विशेष व्याख्यान श्रृंखला प्रारंभ की जाएगी, जिसमें अचीवर्स, प्रेरक महिला आइकन्स को आमंत्रित किया जाएगा। इस आशय का निर्णय जाट शिक्षण संस्थान के प्रधान गुलाब सिंह दिमाना की अध्यक्षता में आयोजित कॉलेज की आईक्यूएसी की बैठक में लिया गया।

प्राचार्या डॉ रश्मि लोहचब तथा आईक्यूएसी की समन्वयक उर्मिला राठी ने बैठक में एजेंडा प्रस्तुत किया। बतौर विशेष आमंत्रित सदस्य, सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ संतोष मुद्गिल, सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी ब्रिगेडियर एम.एस. हुड्डा, एमडीयू के निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रवीण कादयान बैठक में शामिल हुए। एलपीएस बोसार्ड के प्रतिनिधि के तौर पर अधिवक्ता मुकेश सिंह बैठक में शामिल हुए।

बैठक में छात्राओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस संबंधित स्किल ट्रेनिंग आयोजित करने, छात्राओं के लिए इंटर्नशिप के अवसर मुहैया कराने, रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज के साथ एमओयू करने, तथा कॉलेज में इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने की स्वीकृति पर मुहर लगाई गई। छात्राओं के लिए स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित करने, हेल्थ कार्ड बनाने, छात्राओं के माता-पिता की शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए विशेष व्याख्यान आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कॉलेज द्वारा कम्युनिटी आउटरीच के लिए व विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर गाँवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। पुस्तकालय में बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में छात्रा प्रतिनिधि मीनाक्षी हुड्डा तथा पलक ने भी फीडबैक तथा सुझाव दिए। इस दौरान डॉ. सविता मलिक, आशा खरब, डॉ. मुकेश, डॉ. सीमा, डॉ. दीपिका, ज्योति, पूर्व छात्रा प्रवेश, छात्रा प्रतिनिधि पलक एवं मीनाक्षी मौजूद रहे।