5 किमी साइकिल रेस में कोमल, डिस्कस थ्रो में सुदेश ने बाजी मारी
कलानौर में महिला खेल प्रतियोगिता आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कलानौर में महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में ग्रामीण महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित लगभग 200 महिलाओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की अध्यक्ष, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कलानौर मंजू यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को खेल एवं प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है। सभी प्रतिभागियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई गई। 30 वर्ष से कम आयु की महिलाओं के लिए 400 मीटर दौड़, 300 मीटर दौड़ एवं 5 किलोमीटर साइकिल रेस, जबकि 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए 100 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
5 किमी साइकिल रेस में कोमल, 400 मी दौड़ में तनु, 300 मी दौड़ में प्रिया, 100 मी दौड़ में रजनीबाला, म्यूजिकल चेयर में ललिता, डिस्कस थ्रो में सुदेश प्रथम रही। सभी विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 2100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1100 रुपये एवं तृतीय पुरस्कार 750 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।
Girish Saini 

