बाजरे की खरीद दोबारा शुरू कराने को किसान कांग्रेस का धरना 24 नवंबर को
सुरजेवाला की अगुवाई में दादरी अनाज मंडी में होगा प्रदर्शन, किसान नेता राजू मान ने किसानों से की पहुंचने की अपील
चरखी दादरी, गिरीश सैनी। बाजरे की बंद पड़ी खरीद दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला 24 नवंबर को सुबह 10:30 बजे दादरी की अनाज मंडी में किसान कांग्रेस के एक दिवसीय धरने की अगुवाई करेंगे।
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कन्वीनर राजू मान ने बताया कि धरने के माध्यम से जिले की मंडियों में बाजरा खरीद के दौरान किसानों को हुई परेशानियों और सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के एक-एक दाना खरीदने के दावे की पोल खुल गई है।
किसान नेता मान ने कहा कि दादरी जिले में बड़ी संख्या में गांव चकबंदी से वंचित हैं। इसके चलते गेट पास कटने के बावजूद किसानों का बाजरा नहीं खरीदा जा रहा, जिससे उन्हें जे-फॉर्म और भावांतर योजना के लाभ से भी वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने इसे सरकार की विफलता बताते हुए किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से धरने में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। धरने में पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

Girish Saini

