गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा सोमा शाह में कीर्तन समागम बुधवार को
रोहतक, गिरीश सैनी। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव साहिब जी का प्रकाश पर्व 5 नवंबर को स्थानीय डीएलएफ कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा बाबा सोमा शाह में धूमधाम से मनाया जाएगा।
हेड ग्रंथी भाई गुरजीत सिंह ने बताया कि इस उपलक्ष्य में बुधवार, 5 नवंबर को भव्य कीर्तन समागम आयोजित किया जाएगा। बुधवार को सायंकाल भोग श्री अखंड पाठ साहिब उपरांत पाठ श्री रहरास साहिब होगा। इस कीर्तन समागम में हजूरी रागी बीबा मनजोत कौर, भाई त्रिलोक सिंह (यूएसए वाले) और बीबीयां दा जत्था शब्द कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। नन्हें बच्चों द्वारा भी शब्द प्रस्तुत किए जाएंगे। अरदास उपरांत गुरु का लंगर अटूट बरताया जाएगा।
इसके अलावा, प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिदिन तड़के प्रभात फेरियों का सिलसिला लगातार जारी है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फेरी निकालकर संगत द्वारा गुरु की महिमा का बखान किया जा रहा है। वहीं, रविवार को गुरुद्वारा बाबा सोमा शाह में निशान साहिब की चोला सेवा भी की गई, जिसमें संगत ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कीर्तन किया।
Girish Saini 

