यूएचएसआर में खेलो इंडिया संवाद आजः कुलपति डॉ. अग्रवाल

पीएम मोदी करेंगे युवाओं को वर्चुअली संबोधित।

यूएचएसआर में खेलो इंडिया संवाद आजः कुलपति डॉ. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के पीजीआईएमएस में 27 अगस्त को खेलो इंडिया संवाद का आयोजन किया जाएगा। एलटी-1 में सुबह 10.45 से दोपहर 1 बजे तक होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन मुख्य आकर्षण रहेगा।

डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल ने बताया कि मेरा युवा भारत के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी युवाओं से खेल, फिटनेस और युवा नेतृत्व के जरिए राष्ट्र निर्माण के अपने विजन पर वर्चुअल संवाद करेंगे।

कार्यक्रम में ओलंपियन पहलवान अशोक कुमार गर्ग और अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस चैंपियन ईशा खासा युवाओं से अपने खेल अनुभव साझा करेंगे। अशोक कुमार गर्ग ने 1992 बार्सिलोना ओलंपिक सहित एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्हें अर्जुन अवार्ड, भीम अवार्ड और राज्य खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं, ईशा खासा ने 2015 लॉस एंजिल्स स्पेशल ओलंपिक में टेबल टेनिस सिंगल्स का स्वर्ण पदक जीता था।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एकाग्रता, अनुशासन, टीम भावना और जीत का जज्बा विकसित करते हैं। प्रधानमंत्री का -जो खेलेगा, वही खिलेगा मंत्र युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि नशे और मोबाइल की लत से युवाओं को दूर रखने में खेल प्रभावी माध्यम हैं।

कार्यक्रम के लाइव प्रसारण और संवाद के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विवि के फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट, स्टाफ और छात्र बड़ी संख्या में इसमें भाग लेंगे।