खरावड़ में युवाओं को मिली सेहत और पढ़ाई की सौगात, नवनिर्मित जिम व लाइब्रेरी का उद्घाटन
रोहतक, गिरीश सैनी। खरावड़ गांव में युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और सकारात्मक माहौल देने की दिशा में नवनिर्मित जिम एवं लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। दादा चमन ऋषि मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी राजेश जैन ने बतौर मुख्य अतिथि दोनों सुविधाओं का उद्घाटन कर इन्हें ग्रामीण युवाओं को समर्पित किया।
कार्यक्रम सरपंच सरोज बाला और सरपंच प्रतिनिधि दीपक मलिक के नेतृत्व में हुआ। राजेश जैन ने कहा कि गांव और समाज की प्रगति स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारवान युवाओं से होती है। जिम युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने में मदद करेगा, जबकि लाइब्रेरी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों के लिए अध्ययन का केंद्र बनेगी।
सरपंच सरोज बाला ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य युवाओं को विकास के साथ बेहतर सुविधाएं और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है। दीपक मलिक ने आभार जताया। इस दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कोच राजेश, डॉ. सरला, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

