पूर्व सीएम हुड्डा के कर्ज और संविदा कर्मचारियों के दावों पर खरक का पलटवार

कहा, हरियाणा पर ₹5.53 लाख करोड़ नहीं, करीब ₹3.91 लाख करोड़ की अनुमानित देनदारी।

पूर्व सीएम हुड्डा के कर्ज और संविदा कर्मचारियों के दावों पर खरक का पलटवार

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता शमशेर सिंह खरक ने कहा कि कांग्रेस को आधे-अधूरे आंकड़ों के बजाय सरकारी रिकॉर्ड और तथ्यों के आधार पर जनता से बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा पर ₹5.53 लाख करोड़ के कर्ज का दावा वास्तविक तस्वीर नहीं बताता। 2026-27 के बजट अनुमानों के अनुसार 31 मार्च 2027 तक राज्य की अनुमानित ऋण देनदारी करीब ₹3.91 लाख करोड़ है।

खरक ने संविदा कर्मचारियों के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि 2005 से 2014 के बीच अनुबंधित, दैनिक वेतन भोगी और वर्क-चार्ज्ड कर्मचारियों की संख्या 38,949 से बढ़कर करीब 1.10 लाख हो गई थी। ऐसे में कांग्रेस को भाजपा सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने दस साल के शासन का रिकॉर्ड देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर 2014 में कांग्रेस सरकार ने अलग-अलग नीतियां लागू की थीं। सुप्रीम कोर्ट के अप्रैल 2026 के फैसले में 16 और 18 जून 2014 की नीतियों को वैध माना गया, जबकि 7 जुलाई की नीति को कानून के अनुरूप नहीं माना गया।

खरक ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के जरिए ठेकेदारों और बिचौलियों की भूमिका खत्म कर भर्ती एवं भुगतान व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया है। उन्होंने सरकार द्वारा बिना पर्ची-बिना खर्ची के तहत 1.80 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का भी दावा किया।