केवली फाउंडेशन, लुधियाना द्वारा 10 अक्टूबर को पंजाब में पहली बार चारों जैन समुदायों का भव्य सामूहिक क्षमापना दिवस
लुधियाना, 9 अक्टूबर 2026। केवली फाउंडेशन, लुधियाना द्वारा शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9:00 बजे से गुरु नानक देव भवन, भारत नगर चौक, लुधियाना में पंजाब में पहली बार चारों जैन समुदायों को एक मंच पर एकत्रित करते हुए भव्य सामूहिक क्षमापना दिवस का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन क्षमा, मैत्री, एकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को समर्पित होगा।
भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, और अपरिग्रह के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक मिलन में विभिन्न जैन समुदायों के श्रावक-श्राविकाएँ, धर्मप्रेमी परिवार एवं गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी मतभेदों को भुलाकर प्रेम, सौहार्द, क्षमाभाव और धार्मिक एकता को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में परम पूज्य तपाचार्य ज्योतिषाचार्य आचार्य भगवंत श्रीमद् विजय विद्युतरत्न सूरीश्वर जी म.सा. आदि ठाणा-6, प्रज्ञा महर्षि उपप्रवर्तक श्री सुभाष मुनि जी ठाणा-2, जिन शासन चंद्रिका श्रमणी सूर्यामहासती श्री वीर कांता जी म.सा. ठाणा-6, विदुषी साध्वी भारत सिंहनी डॉ. श्री अर्चना जी म.सा. ठाणा-5, परम पूज्या साध्वी श्री सुमेधा श्री जी म.सा. आदि ठाणा-4, तप शिरोमणि महासाध्वी श्री सुर्वता जी म.सा. ठाणा-3 तथा श्रुत भारती पंजाब सिंहनी डॉ. महासाध्वी श्री स्वाति जी म.सा. ठाणा-7 के मंगलमय प्रवचन एवं दर्शन का लाभ प्राप्त होगा।
आयोजन के अंतर्गत भगवान महावीर स्वामी जी, नवकार महामंत्र, आचार्य श्री आत्मा राम जी महाराज, आचार्य श्री विजय आनंद सूरीश्वर जी महाराज, आचार्य श्री 1008 विद्यासागर जी महाराज तथा आचार्य श्री भिक्षु स्वामी जी महाराज के प्रति श्रद्धा एवं नमन के भाव भी समर्पित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण क्षमापना एवं मैत्री की भावना पर आधारित भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति होगी, जिसके माध्यम से कलाकार क्षमा के वास्तविक महत्व और जीवन में सद्भाव की आवश्यकता को प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर बच्चों के लिए विशेष उपहारों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, तपस्या करने वाले श्रद्धालुओं को अभिनंदन पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के पश्चात गौतम प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी।
इस पावन आयोजन में श्री अरिहंत सेवा संघ, हैबोवाल, लुधियाना द्वारा बच्चों को उपहार प्रदान करने में सहयोग दिया जा रहा है। आयोजन में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं, युवा संघों और महिला संघों का भी सहयोग रहेगा। कार्यक्रम के गौतम प्रसादी लाभार्थी श्री आनंद बंसल, बंसल लैंड डेवलपर्स, लुधियाना हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न समाजसेवी एवं सहयोगी संस्थाओं का योगदान आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
आयोजक केवली फाउंडेशन ने समस्त जैन समाज एवं धर्मप्रेमी परिवारों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक मिलन के साक्षी बनें और क्षमा, मैत्री, एकता एवं सद्भाव के संदेश को अपने जीवन में अपनाएँ।
आयोजन का प्रेरक संदेश “चार समुदाय, एक मंच, एक भावना, एक संदेश” है।

City Air News

