रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट द्वारा गार्गी शिशु वाटिका में कान्हा प्ले एरिया स्थापित

अध्यक्ष अतुल बंसल ने किया लोकार्पण।

रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट द्वारा गार्गी शिशु वाटिका में कान्हा प्ले एरिया स्थापित

रोहतक, गिरीश सैनी। रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट द्वारा रामनगर स्थित शिक्षा भारती स्कूल द्वारा स्थानीय जनता कॉलोनी में संचालित गार्गी शिशु वाटिका में नवनिर्मित कान्हा प्ले एरिया का लोकार्पण किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन अतुल बंसल ने दीप प्रज्वलित कर तथा रिबन काटकर पहली उड़ान कार्यक्रम के तहत निर्मित इस प्ले एरिया का उद्घाटन किया। इस दौरान नन्हें बच्चों ने वंदना तथा स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि, रोटेरियन अतुल बंसल ने कहा कि इस प्ले एरिया की स्थापना का उद्देश्य बच्चों को स्कूल परिसर में ही खुशी, मुस्कान और सकारात्मक ऊर्जा देना है। उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा समाज के जरूरतमंद वर्ग की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस प्ले एरिया में लगभग 85 हजार रुपये की लागत से स्कूली बच्चों के खेलने के लिए आकर्षक झूले, ट्रैंपोलिन, बॉल पूल, हर्डल्स आदि स्थापित किए गए हैं।  

स्कूल प्राचार्या ममता भोला ने इस पहल की सराहना करते हुए रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान क्लब सदस्य ज्योति बंसल, साहिल अरोड़ा, अनु बंसल सहित शिशु वाटिका प्रभारी कविता पाहवा, गुंजन, ज्योति बतरा व अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।