संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने किया सफाई कार्य का निरीक्षण

गंदगी फैलाने वालों पर रोहतक नगर निगम हुआ सख्त।

संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने किया सफाई कार्य का निरीक्षण

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक नगर निगम के आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा है कि नगर निगम शहर की स्वच्छता को लेकर अत्यंत गंभीर है तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी।

इसी कड़ी में निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने वार्ड नं. 1 में सफाई व्यवस्था की जांच के लिए निरीक्षण किया तथा मौके पर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थान पर गंदगी के ढेर न हो, सफाई व्यवस्था को और बेहतर किया जाये ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है।

निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम की टीम को गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालों के 9 चालान 4500 रुपये तथा गंदगी फैलाने वालों के 29 चालान 11600 रुपये के किए गए। टीम द्वारा गंदगी फैलाने वालों से सफाई भी करवाई गई तथा भविष्य में गंदगी न फैलाने बारे सख्त निर्देश दिए गए।

निगमायुक्त ने कहा कि निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है, ताकि रोहतक शहर स्वच्छ सर्वेक्षण में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक कूड़ा केवल कूड़ा लेने वाले वाहन में ही डाले। उन्होंने बताया कि वाहनों द्वारा कूड़ा लेने का समय वार्ड व कालोनी वाईज निर्धारित किया गया है, जिसकी विस्तृत सूचना नगर निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध है।