35 साल की सेवा के बाद एमडीयू से विदा होंगे जयबाग मलिक
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में करीब 35 वर्षों की सेवा के बाद इस माह सेवानिवृत्त हो रहे अधीक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान जयबाग मलिक के सम्मान में कर्मचारी संघ कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। सहकर्मियों ने उनके लंबे सेवाकाल, कार्य के प्रति समर्पण और विवि की विकास यात्रा में योगदान को याद करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, पीआरओ पंकज नैन, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रधान दयानंद छिक्कारा, पूर्व प्रधान निरंजन सिंह और रणधीर कटारिया सहित कर्मचारियों ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि जयबाग मलिक ने विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से किया।
गौरतलब है कि मलिक ने अक्टूबर 1991 में विवि में सेवाएं शुरू की थीं। करीब 35 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाले। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ का प्रधान रहते हुए उन्होंने कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। सहकर्मियों ने उनके सरल व्यवहार, सहयोगात्मक रवैये और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए स्वस्थ, सुखद और सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

Girish Saini 

