सांपला में जन आशीर्वाद सभाः सीएम नायब सैनी ने भाजपा के चेयरमैन प्रत्याशी सहित सभी 14 पार्षदों को जिताने की अपील की
कहा, ट्रिपल इंजन सरकार बनने पर तीन गुणा होंगे विकास कार्य।
सांपला, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार सांपला तक मेट्रो के विस्तार के लिए निरंतर केंद्र सरकार के संपर्क में है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे नगरपालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच और सभी वार्ड प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। सीएम सैनी ने कहा कि भाजपा चुनाव में लिए संकल्पों को पूर्ण करती है, जबकि विपक्षी पार्टियां घोषणा पत्र के वादों को भूल जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा डेढ़ वर्ष में 217 संकल्पों में से 63 संकल्प पूर्ण कर लिये है तथा शेष पर तेज गति से काम जारी है। सीएम ने कहा कि सांपला को विकास के क्षेत्र में पिछड़ने नहीं दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को सांपला नगरपालिका चुनाव के प्रचार अभियान के तहत स्टेडियम में आयोजित जन आशीर्वाद सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांपला की पवित्र भूमि चौ. छोटूराम की कर्मभूमि है। उन्होंने चौ. छोटूराम स्मारक पहुंचकर किसानों के मसीहा को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में प्रदेशभर में कमल के फूल के पक्ष में एकतरफा माहौल है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने पिछले साढ़े दस वर्षों में प्रदेश में विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने विश्वासजताया कि 10 मई के बाद सांपला में भी ट्रिपल इंजन सरकार बनने जा रही है, जिसके बाद यहां विकास कार्यों की गति बढक़र तीन गुना हो जायेगी । उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा सरकार की नीतियों पर विश्वास जता रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिना पर्ची और बिना खर्ची के 25 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का ऐतिहासिक कार्य किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की सुविधा पूरी तरह मुफ्त की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावी वादे के अनुसार गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की योजना लागू की है तथा करोड़ों रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं। इसी प्रकार महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने की दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट में 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान, गरीब, महिला और युवा सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सांपला क्षेत्र में लाइन पार की समस्याएं, पानी, अंडरपास तथा गलियों से संबंधित जो भी मुद्दे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
आयुष्मान भारत और चिरायु योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के डेढ़ करोड़ लोग इस योजना से जुड़े हुए हैं और लगभग 27.5 लाख लोगों का मुफ्त इलाज कराया जा चुका है। इसी तरह 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के इलाज की जिम्मेदारी भी सरकार उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे 10 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच और सभी वार्ड उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली की उपस्थिति में सांपला ब्लॉक समिति चेयरमैन, सांपला खंड के 14 सरपंचों, रोहतक खंड के 29 सरपंचों ने भाजपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी ज्वाइन की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा के उपरांत गांव खेड़ी साध में अपना काफिला रुकवाकर लोगों से मिले। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है तथा नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जा रहा है।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं पार्टी के प्रत्याशियों के लिए जनता का समर्थन प्राप्त करने के लिए सांपला पहुंचे है। उन्होंने सांपला की जनता से नगर पालिका चुनाव में प्रधान व पार्षदों के लिए भाजपा के प्रत्याशियों का समर्थन करने की अपील की।
सहकारिता मंत्री एवं सांपला नगर पालिका चुनाव प्रभारी डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पूरे देश में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और सांपला भी इस विकास यात्रा में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सांपला नगर पालिका चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से विजय हासिल करेगी और नगर में चारों तरफ कमल खिलेगा।
इस दौरान खरखौदा से विधायक पवन खरखोदा, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, मेयर राम अवतार, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, भाजपा के प्रधान पद के उम्मीदवार प्रवीण कोच व सभी पार्षद प्रत्याशी सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini 

