चंदन की धूप से महके जैन मंदिर, श्रद्धालुओं ने मनाई सुगंध दशमी

चंदन की धूप से महके जैन मंदिर, श्रद्धालुओं ने मनाई सुगंध दशमी

रोहतक, गिरीश सैनी। शहर के दिगंबर जैन मंदिरों में सुगंध दशमी का महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान उत्तम संयम धर्म का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान शीतलनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की और चंदन की धूप अर्पित की।

सिविल रोड स्थित दिगंबर जैन पारसनाथ अतिशय क्षेत्र में प्रतिष्ठाचार्य रवींद्र के सानिध्य में प्रात: भगवान पार्श्वनाथ का जलाभिषेक व महा शांति धारा की गई। इसके बाद शीतलनाथ पूजन, नवदेवता पूजन, दशलक्षण धर्म पूजन व विधान सहित भगवान महावीर स्वामी की पूजा हुई। शाम तक श्रद्धालुओं ने मंदिरों में धूप खेकर महाआरती की। चंदन की सुगंध से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण महक उठा। कई श्रद्धालुओं ने घरों पर एकासना और निर्जला व्रत भी रखा। इस दौरान मंदिर प्रधान अतुल जैन सहित समाज के गणमान्य लोग और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।