आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पृथ्वी सौंपना हमारी जिम्मेदारीः कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

पोस्टर मेकिंग में कनिका, स्लोगन लेखन में अपूर्वा और रंगोली में दिव्या रहे अव्वल।

आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पृथ्वी सौंपना हमारी जिम्मेदारीः कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने कहा है कि वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी बनती है कि यह पीढ़ी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित पृथ्वी उपलब्ध करावाए। इस ग्रह को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी केवल कुछ ही लोगों की नहीं है, बल्कि हम सभी को मिलकर इस दिशा में प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि गुरू जंभेश्वर महाराज की शिक्षाएं व सिद्धांत पर्यावरण व जलवायु सरंक्षण के लिए सबसे उपयोगी सिद्धांत हैं।

प्रो. नरसी राम बिश्नोई विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य पर में ’हमारी शक्ति-हमारा ग्रह’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा व पंजाब में ही प्रतिवर्ष 35 मिलियन टन पराली जलाई जाती है। केवल एक टन पराली जलने से लगभग 1.46 टन कार्बन डाइऑक्साइड के अतिरिक्त भारी मात्रा में अन्य प्रदूषक भी निकलते हैं, जो ग्लोबल वार्मिंग के अतिरिक्त मानवीय स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत खतरनाक हैं।

इस आयोजन की अध्यक्षता पर्यावरण एवं अभियांत्रिकी विभाग की अधिष्ठाता एवं अध्यक्षा प्रो. आशा गुप्ता ने की। बीबीआरए विवि लखनऊ के एसोसिएट प्रो. राजेश कुमार नैन ने बतौर मुख्य वक्ता अपने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि मानव की स्वयं की गलतियों के कारण जलवायु में भयानक रूप से परिवर्तन आ रहा है। उन्होंने उन सभी घटकों और प्रदूषकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जिनके कारण पृथ्वी को खतरा हो गया है।

विभाग की अधिष्ठाता एवं अध्यक्षा प्रो. आशा गुप्ता ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि यह दिवस हमें पृथ्वी के प्रति और अधिक जिम्मेदार व संवेदनशील होने के लिए प्रेरित करता है ताकि हम अपने ग्रह को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रख सके। डा. संतोष भुक्कल ने पृथ्वी दिवस पर हुए दो दिवसीय कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों द्वारा ’पेड़ लगाओ-पृथ्वी बचाओ’ नाटिका की प्रस्तुति भी दी गई और पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन व रंगोली मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर व स्लोगन प्रदर्शनी भी लगाई गई। धन्यवाद संबोधन डा. अनीता किरोलिया ने किया।

पोस्टर मेकिंग में कनिका ने पहला, वर्षा ने दूसरा तथा रिद्धी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्लोगन लेखन में अपूर्वा ने पहला, वर्षा ने दूसरा तथा नेहा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। रंगोली में दिव्या व भाविका पहले और प्रियंका दूसरे स्थान पर रही। मनप्रीत व जसबीर की टीम को लघु नाटिका के लिए पुरस्कृत किया गया।