समर्पण और निष्ठा के बल पर सर्वोच्च पद तक पहुंचने के अवसर भाजपा में ही संभवः डा. अर्चना गुप्ता
बहादुरगढ़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत एवं सम्मान समारोह।
झज्जर/रोहतक, गिरीश सैनी। बहादुरगढ़ पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डा. अर्चना गुप्ता का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। शहर में विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी, जिला प्रभारी कैप्टन भूपेंद्र सिंह, जिला परिषद चेयरपर्सन कप्तान बिरधाना, नप चेयरपर्सन सरोज राठी सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का फूलमालाएं और पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
अपने स्वागत से अभिभूत डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह स्वागत हर उस कर्मठ कार्यकर्ता का स्वागत है जो पार्टी के लिए अपना पसीना बहाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की जमकर सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक ताकत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां किसी भी सामान्य कार्यकर्ता के लिए मेहनत, समर्पण और निष्ठा के बल पर सर्वोच्च पद तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध हैं। भाजपा में वंशवाद नहीं, बल्कि कठोर परिश्रम और संगठन के प्रति समर्पण को महत्व दिया जाता है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य सेवा ही संगठन है। जनसेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों को विश्वास, सुशासन और गरीब कल्याण के वर्ष बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे मोदी और नायब सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बने।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने और रासायनिक खाद के स्थान पर प्राकृतिक खाद के उपयोग के लिए जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है। कांग्रेस के पास न कोई नेता है, न नीयत है और न ही कोई स्पष्ट विचारधारा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता केवल झूठा नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा को किसी भी राजनीतिक दल से कोई चुनौती नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास होगा और लोकसभा तथा विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण निश्चित रूप से मिलेगा।
Girish Saini 


