यूएचएसआर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने किया। उनके नेतृत्व में सैकड़ों प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया।
मुख्य अतिथि डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है और आज पूरी दुनिया ने इसे अपनाया है। इस साल के थीम -योगा फॉर हेल्दी एजिंग पर उन्होंने कहा कि नियमित योग से उम्र बढ़ने के साथ होने वाली बीमारियों जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों के दर्द और मानसिक तनाव को रोका जा सकता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि, निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि योग से एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ती है। उन्होंने पीजीआईएमएस परिवार के सभी सदस्यों से रोजाना कम से कम 30 मिनट योग करने की अपील की। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सविता सिंघल ने बताया कि कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, शवासन सहित विभिन्न आसन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया गया।
इस दौरान कार्यक्रम आयोजक डॉ मधु शर्मा, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ वरुण अरोड़ा सहित विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ फैकल्टी मेंबर्स, रेजिडेंट डॉक्टर, एमबीबीएस व नर्सिंग छात्र, पैरामेडिकल स्टाफ और मिनिस्ट्रियल कर्मचारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


