एमडीयू में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया

एमडीयू में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विवि समुदाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक यौगिक अभ्यास तथा आसन किए।

एफडीसी मैदान में शिक्षकों, गैर शिक्षक, विद्यार्थियों, विवि कैंपस के परिजनों, समुदायों तथा रोहतक शहर के योग साधक नागरिकों ने छात्र कल्याण कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास किया।

डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए योग को तन, मन, आत्मा का संयुक्त योग (जुड़ाव) बताया और जीवन में इसके महत्त्व को इंगित किया। उन्होंने शांत चित्त मन के लिए योग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने योग पद्धति को स्व-अनुशासन, स्व-जागरुकता तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए अति अहम बताया। उन्होंने जीवन में योग को अभिन्न अंग बनाने की अपील भी की। इस दौरान कुलसचिव ने कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ के योग दिवस संदेश तथा उनकी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं भी साझा की।

डीन, स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग तथा निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी के संयोजन में इस योग दिवस कार्यक्रम का सुचारू आयोजन हुआ। इस दौरान योग प्रशिक्षक तथा विवि योग क्लब के सक्रिय प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एमडीयू के विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, विवि अधिकारी, गैर शिक्षक कर्मी, शोधार्थी, एनसीसी कैडेट्स, रोहतक के योग साधक नागरिक इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।