जीजेयू में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने कहा है कि वर्तमान समय में जब सम्पूर्ण विश्व पर्यावरण संकटों और जीवनशैली जनित रोगों से जूझ रहा है, ऐसे में योग एक प्रभावी समाधान प्रस्तुत करता है। ’योगा फॉर वन अर्थ-वन हेल्थ’ का संदेश योग के माध्यम से संपूर्ण मानवता तक पहुंचना चाहिए। कुलपति अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित योग समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कुलसचिव डा. विजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता गीता अकादमी हिसार के आचार्य सचिन दीक्षित थे। अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. शबनम जोशी ने की।
कुलपति ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य उद्देश्य सम्पूर्ण पृथ्वी के स्वास्थ्य एवं मानव कल्याण के लिए योग के महत्व को प्रचारित करना है। कुलसचिव ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता में योग को केवल शारीरिक अभ्यास तक सीमित नहीं माना गया है, बल्कि इसे एक व्यापक जीवन दर्शन बताया गया है। मुख्य वक्ता आचार्य सचिन दीक्षित ने योग के वैश्विक महत्व और इसकी वैज्ञानिक उपयोगिता पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य से पहले ॐ का उच्चारण किया जाता है, जिससे मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता का संचार होता है।
डीन, फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंसेज, प्रो. सुमित्रा सिंह ने स्वागत संबोधन किया। विभागाध्यक्षा प्रो. शबनम जोशी ने कहा कि योग दिवस के उपलक्ष्य योग विभाग द्वारा दस दिवसीय योग शिविर का संचालन भी किया गया। योग साधिका डा. सत्या सावंत एवं डा. पावलिया ने प्रतिभागियों को योग व जीवन शैली से संबंधित महत्वपूर्ण आयामों से अवगत कराया था। विद्यार्थियों ने संगीतमय योग प्रस्तुति का शानदार प्रदर्शन भी किया। मंच संचालन सहायक प्रोफेसर निहारिका सिंह ने किया।