समाधान शिविरों की शिकायतों के  समयबद्ध निपटारे के निर्देश

सीएम की जनकल्याणकारी सोच को साकार कर रहे समाधान शिविरः उपायुक्त

समाधान शिविरों की शिकायतों के  समयबद्ध निपटारे के निर्देश

रोहतक, गिरीश सैनी। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में पहुंचने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय और उपमंडल मुख्यालयों पर हर सोमवार और वीरवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहते हैं और नागरिकों की शिकायतों पर मौके पर ही कार्रवाई शुरू की जाती है।

उपायुक्त ने बताया कि केंद्र सरकार की पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सरकारी या निजी अस्पताल में डेढ़ लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने का प्रावधान है। निजी अस्पताल इलाज के बाद निर्धारित राशि के लिए दावा कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है। अस्पताल की ओर से ऐसे मददगार की सूचना पुलिस को साझा की जाती है, जिसके बाद उसे यह राशि प्रदान की जाती है।

लघु सचिवालय सभागार में आयोजित शिविर में एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम, डीएसपी दलीप सिंह और डीडीपीओ राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।