पत्रकारिता विभाग में दी प्रिंट मीडिया में करियर अवसरों की जानकारी
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रिंट मीडिया प्रासंगिक था, है और रहेगा। प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता आज भी जन-मानस में अधिक है। जरूरत है कि प्रिंट मीडिया में करियर बनाने के लिए भाषाई कौशल विकसित किया जाए, मीडिया तकनीक-टूल्स में महारत हासिल की जाए तथा कौतूहल बोध विकसित किया जाए। ये विचार एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में मीडिया कर्मी डॉ. सुमित सिंह श्योराण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
डॉ. सुमित ने प्रिंट मीडिया में करियर अवसर तथा प्रिंट मीडिया की वर्तमान स्थिति भविष्य के रुझान एवं चुनौतियों पर विशेष व्याख्यान देते हुए कहा कि इस पेशे के लिए जुनून होना चाहिए। सवाल पूछने की आदत पत्रकारिता के विद्यार्थियों को डालनी होगी, क्योंकि एक अच्छे पत्रकार का कार्य प्रभावी सवाल पूछना तथा उसके जरिये सत्य को उद्घाटित करना होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर लिखने का अभ्यास करने, तथा कंप्यूटर टाइपिंग एवं इंटरनेट उपयोग सीखने का परामर्श दिया।
विभागाध्यक्ष प्रो. गुलाब सिंह ने स्वागत संबोधन किया। कार्यक्रम का संचालन-समन्वयन प्राध्यापक सुनित मुख़र्जी ने किया। सुनित मुख़र्जी ने डिजिटल मीडिया के युग में प्रिंट मीडिया के महत्व को रेखांकित किया और वक्ता का आभार जताया।

Girish Saini 

