बदलते वैश्विक समीकरणों में भारत की विदेश नीति अहमः प्रो. यादव

बदलते वैश्विक समीकरणों में भारत की विदेश नीति अहमः प्रो. यादव

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रख्यात विद्वान प्रो. आर.एस. यादव ने कहा कि बदलते वैश्विक समीकरणों और अंतरराष्ट्रीय राजनीति में उभरती नई चुनौतियों के बीच भारत की विदेश नीति की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। भारत को राजनीतिक एवं रणनीतिक बदलावों के अनुरूप अपनी विदेश नीति को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना होगा।

वे एमडीयू के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित विशेष व्याख्यान में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भारतीय विदेश नीति के बदलते रुझानों, समकालीन चुनौतियों और संभावित समाधानों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रो. यादव ने कहा कि वैश्विक शक्ति-संतुलन में बदलाव, नई रणनीतिक साझेदारियां और अंतरराष्ट्रीय राजनीति के बदलते समीकरण भारत के सामने नए अवसरों के साथ चुनौतियां भी ला रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए विदेश नीति के सैद्धांतिक पक्ष के साथ उसके व्यावहारिक पहलुओं को समझना जरूरी है।

विभागाध्यक्ष डॉ. ममता नरवाल ने मुख्य वक्ता एवं अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अकादमिक कार्यक्रम समकालीन अंतरराष्ट्रीय राजनीति को समझने में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हैं। इस दौरान डीन सीडीसी प्रो. राजेश पुनिया, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. निशा, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।